बैतूल,सुरेन्द्र बावने। जिले के चिचोली क्षेत्र स्थित मलाजपुर गुरु साहेब बाबा समाधि स्थल से कांग्रेसियों द्वारा कांग्रेस जोड़ो यात्रा की शुरुआत की गई। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद किशोरी लाल को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष कंचन बारस्कर ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक भैंसदेही धरमू सिरसाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष यादव, विजय आर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यात्रा की शुरुआत क्षेत्र के आस्था केंद्र गुरु साहेब बाबा दरबार से हरी झंडी दिखाकर की गई।
महिला नेत्री पुष्पा पेनदराम ने कहा कि क्षेत्र में आदिवासी समाज के साथ अन्याय और भेदभाव हो रहा है, जिसकी आवाज उठाने और अधिकार दिलाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष यादव ने बताया कि यह यात्रा पूरे मध्यप्रदेश में भ्रमण कर संगठन को मजबूत करेगी।
राजेश साहू ने कहा कि यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए जन-जन तक कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

