निवाड़ी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को निवाड़ी जिले की प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक नगरी ओरछा स्थित कंचना घाट पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी 'मन की बात' कार्यक्रम के 136वें संस्करण का लाइव प्रसारण सुना। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संबोधन देशवासियों को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रेरित करने वाला है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 'मन की बात' के अपने संबोधन में प्रधानमंत्री जी ने जल संरक्षण के लिए 'कैच द रेन' अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाने का आह्वान किया। इसके अलावा, आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करते हुए अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की नई ऊंचाइयों का प्रतीक बने 'विक्रम-1' के सफल प्रक्षेपण और अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों की प्रेरणादायी उपलब्धियों का विशेष रूप से उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री जी ने रक्षा उत्पादन व रक्षा निर्यात में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता और मित्र राष्ट्रों के साथ निरंतर मजबूत होते वैश्विक सहयोग को रेखांकित करते हुए देशवासियों को सशक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया।
मध्य प्रदेश में 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के उल्लेखनीय कार्य जारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से मध्य प्रदेश में जल संरक्षण को लेकर अभूतपूर्व काम हो रहा है। राज्य में चलाए गए 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत लगातार तीसरे वर्ष भी रिकॉर्ड और उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 4 जुलाई से शुरू हुए 'कैच द रेन' अभियान में मध्य प्रदेश द्वारा जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए इन पूर्व कार्यों का व्यापक लाभ मिलेगा और प्रदेश जल संवर्धन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।




