बीजिंग। अमेरिका द्वारा हाल ही में 14 अर्थव्यवस्थाओं के साथ मिलकर तथाकथित 'संरचनात्मक क्षमता और उत्पादन अधिशेष' के मुद्दे पर संयुक्त मंत्रिस्तरीय वक्तव्य जारी करने के जवाब में, चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि चीन ने कई अवसरों पर अपना रुख स्पष्ट किया है और इस वर्ष जुलाई में प्रासंगिक दस्तावेज जारी किए हैं।
चीनी वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि क्षमता के मुद्दे को व्यापक, वस्तुनिष्ठ और निष्पक्ष दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए, और अपनी औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता की चिंता के कारण व्यापारिक मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। चीन उन देशों का विरोध करता है, जो 'अतिरिक्त क्षमता' के बहाने व्यापार संरक्षणवाद अपनाते हैं, क्योंकि यह कदम वैश्विक व्यापार व्यवस्था और आपूर्ति श्रृंखला की स्थिरता को बाधित करेगा और वैश्विक आर्थिक विकास के लिए दीर्घकालिक जोखिम पैदा करेगा। यदि संबंधित अर्थव्यवस्थाएं इस आधार पर चीन के हितों को नुकसान पहुंचाती हैं, तो चीन आवश्यक प्रतिक्रिया देगा।
चीन ने जोर देकर कहा कि वह खुले सहयोग में आधुनिक औद्योगिक प्रणाली के निर्माण पर कायम है, न्यायसंगत और उचित अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था के निर्माण का समर्थन करता है, और सभी पक्षों से बहुपक्षवाद का पालन करने, पारस्परिक लाभ की वकालत करने, बाजार के नियमों का सम्मान करने और खुले तथा समावेशी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला सहयोग ढांचे को संयुक्त रूप से बनाए रखने का आह्वान करता है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)












