जबलपुर, अनुराग शुक्ला। जिले के बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत शारदा मंदिर के पास शनिवार शाम करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के दो युवकों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर और स्कॉर्पियो के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई, जिससे पूरा वाहन कुछ ही मिनटों में आग के गोले में तब्दील हो गया।


जानकारी के अनुसार हरियाणा के भिवानी जिले के ग्राम बोंड कलां निवासी परवीन शर्मा एवं ग्राम खेड़ी बूरा निवासी मोनू शर्मा स्कॉर्पियो वाहन में सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर और स्कॉर्पियो के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में आग लगते ही दोनों युवक अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिल सका।


घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने और युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी वाहन के करीब नहीं पहुंच सका। देखते ही देखते स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो गई और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों युवकों की जान जा चुकी थी। पुलिस ने जले हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


प्रारंभिक जांच में डंपर और स्कॉर्पियो के बीच हुई भीषण टक्कर को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। वहीं पुलिस डंपर चालक की भूमिका, दुर्घटना के वास्तविक कारणों तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी मातम का माहौल व्याप्त है।