छतरपुर,संतोष शिवहरे। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलहरी में एक महिला के पैतृक मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता श्रीमती तिजिया अहिरवार, निवासी ग्राम सौरा थाना महोबकंठ जिला महोबा (उ.प्र.), ने आरोप लगाया है कि उसके पिता स्व. मनुआ अहिरवार की मृत्यु के बाद वह और उसकी बहन रति अहिरवार ही परिवार की वारिस हैं।


पीडि़ता के अनुसार ग्राम बिलहरी स्थित उनके पैतृक मकान की देखरेख वे दोनों बहनें करती थीं। लेकिन दिनांक 11 नवंबर 2025 को गांव के ही देवीदीन अहिरवार ने जेसीबी मशीन से मकान को गिराकर जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया। इस घटना की शिकायत पीडि़ता द्वारा उसी दिन एवं 24 फरवरी 2026 को थाना नौगांव में की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है और गांव आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जाती है। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर मामले में तत्काल कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।