लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सोमवार को पदभार ग्रहण करने के बाद विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी के 'पीडीए' अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि इसका अर्थ 'पक्के दलाल अराजक' है।उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण एवं स्वागत समारोह में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रकाश पाल को विधिवत पदभार सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह एवं पट्टिका भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय भाई पटेल ने किया। पदभार ग्रहण के बाद प्रकाश पाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के दम पर भाजपा 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की दलाली और अराजकता का दौर अब प्रदेश में लौटने वाला नहीं है और डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रकाश पाल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग मोर्चा संगठन को और मजबूत करेगा तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का मजबूत आधार बनेगा।




