अजयगढ़,मोहम्मद मुस्तकीन। महावीर जयंती से पूर्व अवैध शराब के खिलाफ पन्ना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के सख्त निर्देशन में अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर द्वारा लगातार अवैध कारोबार पर शिकंजा कसा जा रहा है।
बीती रात थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ मुखबिर की सूचना पर अजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 12 स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। छापामार कार्रवाई के दौरान मकान से कई पेटियों में भरी अवैध शराब बरामद की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी मकान के अंदर शराब छुपाकर अवैध रूप से ब्लैक में बिक्री कर रहा था।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जब्त की गई शराब की कीमत लगभग एक लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर के साथ प्रधान आरक्षक अशोक कुमार एवं आरक्षक भोपाल सिंह की अहम भूमिका रही।

