मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाहरगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डीगांव-कचनारा रोड पर नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए 1 किलो एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हुंडई कार में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर तस्कर इंदौर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नाहरगढ़ पुलिस ने डीगांव-कचनारा रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 1 किलो एमडी ड्रग्स बरामद हुई।


पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही करीब 10 लाख रुपए कीमत की हुंडई कार भी जब्त की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ड्रग्स की खेप इंदौर ले जाने की तैयारी में थे।


फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंदसौर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।