भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल में किसान आंदोलन के बीच कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के मीडिया अध्यक्ष मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन को रोकने के लिए प्रशासन ने पूरे भोपाल के स्कूलों की छुट्टी करा दी और स्कूल बसों को पुलिस के उपयोग में ले लिया। उन्होंने कहा कि जिन बसों में बच्चों को स्कूल जाना चाहिए था, उनमें पुलिस बल बैठाया गया है, जबकि बच्चे घरों में रहने को मजबूर हैं।
मुकेश नायक ने कहा कि प्रदेश में ऐसी स्थिति बन गई है कि किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, वहीं प्रशासन आंदोलन को नियंत्रित करने में जुटा है। उन्होंने इसे सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था की विफलता बताते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन दबाने पर अधिक ध्यान दे रही है।
कांग्रेस ने सरकार से किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




