निंगबो, 11 अप्रैल । भारत के स्टार युवा शटलर आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने निंगबो के निंगबो ओलंपिक खेल केंद्र में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर-1 कुनलावुत विटिडसर्न को 10-21, 21-19, 21-17 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

करीब एक घंटे 15 मिनट तक चले इस मुकाबले में 25वीं रैंक के आयुष ने जबरदस्त जज्बा दिखाया। पहला गेम गंवाने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की। दूसरे और तीसरे गेम में उन्होंने धैर्य, आक्रामक खेल और नेट पर बेहतरीन नियंत्रण के दम पर मुकाबले का रुख अपने पक्ष में कर लिया।

विटिडसर्न पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक विजेता रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ मिली जीत आयुष शेट्टी के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है। वह 2018 में एच. एस. प्रणय के बाद इस टूर्नामेंट में पदक पक्का करने वाले पहले भारतीय एकल पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। टूर्नामेंट में भारत को आखिरी सफलता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने दिलायी थी।

आयुष का फाइनल तक पहुंचने का सफर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में वर्ल्ड नंबर-4 जोनाथन क्रिस्टी को 23-21, 21-17 से हराया, जो उनके खिलाफ पहली जीत थी। इससे पहले उन्होंने वर्ल्ड नंबर-7 लि शिफिंग को सीधे गेम में हराया और फिर चाउ तिएन-चेन पर भी जीत दर्ज की।

मौजूदा यूएस ओपन सुपर 300 चैंपियन आयुष ने पूरे टूर्नामेंट में आत्मविश्वास और निरंतरता दिखाई है। दूसरी ओर, भारत के लिए अन्य स्पर्धाओं में मिश्रित नतीजे रहे। पीवी सिंधु दूसरे दौर में बाहर हो गईं, जबकि लक्ष्य सेन पहले ही राउंड में हार गए।

आयुष शेट्टी के फाइनल जीतकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। अगर वजह जीत हासिल करने में सफल रहते हैं तो यह उनके करियर की अबतक की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।