आइची-नागोया, 30 सितंबर । भारत के सप्तक तलवार ने 'एशियन गेम्स 2026' में पुरुषों के व्यक्तिगत इवेंट के पहले राउंड में चार-अंडर 66 का स्कोर किया, जिसके साथ वह संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। मुकाबले में शामिल अन्य दो भारतीय खिलाड़ी वीर अहलावत और युवराज संधू ने एक-ओवर 71 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से 23वां स्थान हासिल किया।

पहले राउंड के बाद, व्यक्तिगत इवेंट में चीनी ताइपे के वेई-ह्सुआन वांग और जापान के काजुकी हिगा सबसे आगे रहे। दोनों ने पांच-अंडर 65 का स्कोर किया।

पुरुषों के टीम इवेंट में, भारतीय खिलाड़ी कुल तीन-अंडर 137 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे, क्योंकि टीम के स्कोर में शीर्ष दो खिलाड़ियों के स्कोर को गिना गया। टीम इवेंट में जापान नौ-अंडर 131 के स्कोर के साथ सबसे आगे रहा।

पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में अभी सबसे आगे चल रहे सप्तक तलवार ने अपने शुरुआती राउंड में पांच बर्डी और एक बोगी बनाई। पूर्व पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन वीर अहलावत ने अपने पहले राउंड में एक ईगल, तीन बर्डी, चार बोगी और एक डबल-बोगी बनाई। 2025 पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता युवराज संधू ने अपने पहले राउंड में चार बर्डी और पांच बोगी बनाईं।

उल्लेखनीय है कि पुरुषों की गोल्फ प्रतियोगिता में 66 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और यह 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक 72 होल्स तक खेली जाएगी। टीम मेडल का फैसला हर राउंड में प्रत्येक देश के सर्वश्रेष्ठ दो खिलाड़ियों के कुल स्कोर के आधार पर किया जाएगा।

भारतीय पुरुष खिलाड़ियों की यह तिकड़ी प्रतियोगिता में काफी अनुभव और हालिया शानदार फॉर्म के साथ उतरी है। एशियन गेम्स से ठीक पहले तलवार और अहलावत बेंगलुरु ओपन 2026 में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे, जबकि संधू ने हाल ही में डीपी वर्ल्ड टूर के फेडएक्स ओपन डी फ्रांस में संयुक्त रूप से 13वां स्थान हासिल किया।

महिलाओं के व्यक्तिगत इवेंट में, प्रणवी उर्स चार-अंडर 66 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जो लीडर से तीन शॉट पीछे थीं। दीक्षा डागर और अदिति अशोक एक-ओवर 71 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 18वें स्थान पर रहीं। महिलाओं के टीम इवेंट में, भारतीय टीम तीन-अंडर 137 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर रही, जो लीडर से पांच शॉट पीछे थी।