नौगांव,कमल यादव। नगर में सफाई मित्रों की छह दिन से जारी हड़ताल के बीच शनिवार को मुख्य बाजार में माहौल बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया। शरारती तत्वों ने सराफा बाजार, जैन मंदिर और साईं मंदिर के सामने मुर्गी के पंख, पंजे, बकरे की खाल सहित अन्य पशु अवशेष फेंक दिए। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया और इसे शहर का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।


बताया गया कि शुक्रवार रात सराफा बाजार के व्यापारियों ने सफाई मित्रों की हड़ताल के चलते स्वयं बाजार में सफाई अभियान चलाया था। इसके अगले ही दिन सुबह मंदिरों के सामने पशु अवशेष मिलने से व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। विरोध स्वरूप व्यापारियों ने करीब एक घंटे तक बाजार बंद रखा और प्रशासन के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया।


सूचना मिलने पर तहसीलदार विजय चौधरी, नायब तहसीलदार प्रदीप सिंह लोधी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अमित मेश्राम, थाना प्रभारी संजय राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से चर्चा की।


प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं व्यापारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।