पुलिस कार्रवाई से नाराज़ यादव समाज लामबंद, बांदरी थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप

Advertisement
सागर।,जीशान। सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा की गई कथित अमानवीय और गैरकानूनी कार्रवाई से यादव समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। जिला यादव महासभा के नेतृत्व में समाज के सैकड़ों लोग रैली के रूप में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत समेत दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल बर्खास्त करने तथा उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि बांदरी नगर परिषद क्षेत्र में दूध व्यवसाय को लेकर राजा यादव, मुन्शीलाल यादव और रामजी यादव के बीच आपसी विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई थी। इसके बावजूद पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय तीनों युवकों को पकड़कर सार्वजनिक स्थान पर बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि थाना प्रभारी व पुलिस स्टाफ ने लाठियों से मारपीट की, बाजार में जुलूस की तरह घुमाया और जबरन अपमानजनक नारे लगवाए।
पीड़ित राजा यादव ने बताया कि मारपीट में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। जब उनके पिता थाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ितों का कहना है कि वे किसी आपराधिक प्रवृत्ति के नहीं हैं, फिर भी उन्हें सरेआम अपराधियों की तरह अपमानित किया गया। समाज ने आरोप लगाया कि “पुलिस हमारी बाप है” जैसे नारे लगवाना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है और यह पुलिसिया बर्बरता का उदाहरण है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उईके ने घायलों की मेडिकल जांच (एमएलसी) कराकर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। पीड़ितों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर इलाज शुरू कराया गया है। यादव समाज ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो वे न्यायालय की शरण लेकर सड़क से कोर्ट तक आंदोलन करेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला यादव महासभा जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष बब्बू यादव, सरपंच प्रमोद यादव, जनपद सदस्य संजय ‘मोंटू’ यादव, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदन यादव, बांदरी यादव समाज अध्यक्ष बंटी यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू यादव सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
