अमरपाटन,नरेंद्र। अमरपाटन के एक युवा क्रिकेट खिलाड़ी अस्तित्व त्रिपाठी ने एक बार फिर अपनी तेज़ गेंदबाज़ी के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अस्तित्व का चयन 7 से 22 अप्रैल 2026 तक जबलपुर में आयोजित होने वाले अंडर-19 मध्यप्रदेश क्रिकेट कैंप के लिए हुआ है। वे अमरपाटन स्थित शिवम क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षण ले रहे हैं।
पिछले चार वर्षों से लगातार अभ्यास कर रहे अस्तित्व ने संभाग और प्रदेश स्तर के कई टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी तेज़ गेंदबाज़ी ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया, जिसके चलते उन्हें इस प्रतिष्ठित कैंप के लिए चुना गया। अस्तित्व त्रिपाठी का कहना है कि वे पिछले चार साल से मेहनत कर रहे हैं और उन्हें अपने प्रदर्शन का फल मिला है। उन्होंने कहा कि वे जबलपुर कैंप में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और आगे चलकर भारतीय टीम के लिए खेलने का सपना पूरा करना चाहते हैं।
वहीं, कोच शिवम सिंह ने बताया कि अस्तित्व की सफलता के पीछे उसकी कड़ी मेहनत और अनुशासन है। उन्होंने कहा कि छोटे से कस्बे अमरपाटन से निकलकर अस्तित्व ने जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कई राज्य और संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित की है। अस्तित्व ने अमरपाटन स्टेडियम के छोटे मैदान से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी और आज वह एक उभरते हुए फास्ट बॉलर के रूप में पहचान बना चुके हैं। वर्तमान में वे तक्षशिला एकेडमी के कक्षा 12वीं के छात्र हैं।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन, अमरपाटन विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, तक्षशिला एकेडमी के डायरेक्टर डॉ. आनंद द्विवेदी सहित स्थानीय नागरिकों ने अस्तित्व को शुभकामनाएं दी हैं। अमरपाटन का यह होनहार खिलाड़ी अब जबलपुर कैंप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिससे पूरे मैहर जिले में गर्व का माहौल है।

