छिंदवाड़ा में मारपीट व अपहरण का आरोप, पीड़िता ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी । वार्ड क्रमांक 19, थाना कुण्डीपुरा क्षेत्र निवासी श्रीमती संतोषी गजभिये ने अपने पुत्र के साथ हुई मारपीट व कथित अपहरण के मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर छिंदवाड़ा कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया है।
आवेदन में बताया गया कि चंदनगांव क्षेत्र में रात्रि के समय उनके पुत्र प्रद्युम्न गजभिये के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई तथा उसे कथित रूप से अन्य स्थान पर ले जाकर गंभीर रूप से घायल किया गया। इस दौरान उसका मोबाइल फोन एवं पर्स में रखी नगद राशि भी ले जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के अनुसार इस संबंध में थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
श्रीमती गजभिये ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उसी रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। इस दौरान गाली-गलौच एवं जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई, जिसकी शिकायत थाना कुण्डीपुरा एवं जिला प्रशासन से की गई।
पीड़िता का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए एक आरोपी का गन लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। कार्रवाई में हो रही देरी के कारण पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए श्रीमती संतोषी गजभिये ने मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को कलेक्टर जनसुनवाई में पुनः आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई तथा अपने परिवार को आवश्यक पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की समीक्षा कर संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब की जा रही है।
