रियाद। सऊदी अरब के सामान्य नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (जीएसीए) ने बताया कि शनिवार को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में दर्जनों लोग घायल हो गए, जिसके बाद हवाई अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। वहीं, सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि अकासा एयरलाइन ने रियाद आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स पर रोक 13 अक्टूबर तक बढ़ा दी है।अकासा एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रियाद में लगातार बनी सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अकासा एयर ने रियाद से आने-जाने वाली सभी उड़ानों के निलंबन को 13 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। हम स्थिति पर वास्तविक समय के आधार पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं और उसका आकलन कर रहे हैं।"
एयरलाइन ने आगे कहा कि इससे प्रभावित यात्री पूरे पैसे की वापसी (फुल रिफंड) का विकल्प चुन सकते हैं, जो 7 दिनों के भीतर भुगतान के मूल स्रोत में जमा कर दिया जाएगा या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा को पुनर्निर्धारित कर सकते हैं। जिन यात्रियों ने ट्रैवल पार्टनर के माध्यम से बुकिंग की है, उनसे अनुरोध है कि सहायता के लिए सीधे उनसे संपर्क करें। हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।
मिस्र ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद एयरपोर्ट पर किए गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। शनिवार को देश के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन करार दिया। सऊदी अरब पर ये हमले हूती विद्रोहियों ने किए थे। हालांकि अपने बयान में मिस्र ने किसी गुट का नाम नहीं लिया है।
मिस्र के विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर बयान साझा किया। इसमें लिखा, "मिस्र, मित्र राष्ट्र सऊदी अरब के खिलाफ किए गए उन हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करता है जिनमें रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट और सऊदी अरब एयरलाइंस के एक विमान को निशाना बनाया गया। इन हमलों में तीन सऊदी नागरिकों की मौत हो गई और कई आम नागरिक घायल हो गए।"
इसमें कहा गया, "मिस्र इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन मानते हुए पूरी तरह से खारिज करता है और अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और नागरिकों की हिफाजत के लिए सऊदी अरब द्वारा उठाए जाने वाले सभी कदमों में उसके साथ पूरी एकजुटता दिखाता है।"
मंत्रालय ने यह भी कहा कि हवाई आवाजाही को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करता है। अरब देश की सरकार और जनता के प्रति मिस्र अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है।
गुरुवार को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किए गए हमलों में एक पायलट समेत सऊदी अरब के तीन नागरिकों की मौत हो गई। सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (जीएसीए) ने इससे पहले बुधवार को भी एक बयान जारी कर बताया था कि 6 और 7 अक्टूबर को आभा और किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी हमला किया गया था।











