टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नजरबाग मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक इमारत को अब 'गीता भवन' के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी इस धरोहर का संरक्षण करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बनाना है।
इसी क्रम में कलेक्टर ने नजरबाग मंदिर परिसर पहुंचकर प्रस्तावित गीता भवन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन के संरक्षण, विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल जिले की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करेगी, बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नया मंच प्रदान करेगी। स्थानीय लोगों को भी इस परियोजना से लाभ मिलने की उम्मीद है।




