नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा भ्रामक दावों, गैर-मानकीकृत उत्पादों और लेबलिंग नियमों के उल्लंघन को लेकर जारी नोटिसों के बाद कई खाद्य व्यवसाय संचालकों (एफबीओ) ने सुधारात्मक कदम उठाए हैं। यह जानकारी सरकारी एजेंसी की ओर से रविवार को दी गई।एफएसएसएआई ने कहा, “नोटिस के बाद प्रमुख खाद्य व्यवसाय संचालकों ने तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की है। इन कदमों में भ्रामक लेबल दावों को हटाने से लेकर उपभोक्ता सुरक्षा और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए उत्पादों की पैकेजिंग में बदलाव शामिल हैं।”

एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ऑनेस्ट इनोवेशन फॉर यू प्राइवेट लिमिटेड और हेलियोस्टोन स्पेशलिटीज प्राइवेट लिमिटेड को भ्रामक ट्रेडमार्क के उपयोग के लिए नोटिस जारी किया गया था। एफएसएसएआई के नोटिस के बाद दोनों कंपनियों ने अपने उत्पादों के नाम में बदलाव किया।

इसी तरह, राजस्थान एग्रो एंड जनरल इंडस्ट्रीज भी भ्रामक ट्रेडमार्क का उपयोग करती पाई गई। कंपनी ने नोटिस का पालन करते हुए सभी भ्रामक दावों को हटाया और उत्पादों से संबंधित संचार में “पीपीएम” शब्द का इस्तेमाल बंद कर दिया।

एक अन्य मामले में, आयोटा नैनोटेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को गैर-मानकीकृत उत्पादों के लिए चिन्हित किया गया। कंपनी ने उत्पाद के लेबल से भ्रामक दावों को हटाया और गैर-मानकीकृत पानी का उत्पादन बंद कर दिया।

पंचामृत इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को एक इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक के संबंध में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद कंपनी ने इस उत्पाद को अपनी वेबसाइट से हटा दिया।

एफएसएसएआई ने लिव्योर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा अपने उत्पाद “लिव्योर रोस्टेड एडामे बीन्स” के लेबल पर किए गए भ्रामक “वीगन” और “हेल्थी” दावों को लेकर उठाए गए सुधारात्मक कदमों का भी जिक्र किया।

कंपनी ने कहा कि लागू नियमों की जानकारी के अभाव में ये दावे अनजाने में उत्पाद के लेबल पर छप गए थे।

कंपनी ने इस उल्लंघन पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी और आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।

कंपनी ने संशोधित लेबल भी प्रस्तुत किया और कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दावों वाली मौजूदा पैकेजिंग सामग्री को नष्ट कर दिया जाएगा।

इसके अलावा, कंपनी ने भविष्य में भ्रामक दावों के इस्तेमाल को रोकने के लिए अपने उत्पादों के लेबल में संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।