नोएडा। लगातार हो रही बारिश के बीच नोएडा के सेक्टर-12 स्थित वाई ब्लॉक में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिनभर हुई बारिश के बाद एक कमजोर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां खड़ी कई कारें मलबे की चपेट में आ गईं। हादसे में तीन से चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसके चलते किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण दीवार की नींव कमजोर हो गई थी। अचानक तेज आवाज के साथ दीवार भरभराकर गिर गई और उसके नीचे खड़ी कारें दब गईं। मलबे की चपेट में आने से वाहनों के शीशे टूट गए और बॉडी को भी काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि संबंधित दीवार काफी समय से जर्जर हालत में थी। कई बार इसकी मरम्मत कराने और संभावित खतरे को लेकर संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया था, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि यदि पहले ही दीवार की मरम्मत या उसे हटाने का काम कर दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना के बाद रेजिडेंट्स में प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने मांग की कि सेक्टर में मौजूद सभी जर्जर दीवारों और कमजोर संरचनाओं का तत्काल सर्वे कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई। सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-24 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया, ताकि क्षतिग्रस्त वाहनों को बाहर निकाला जा सके और आवागमन सामान्य हो सके।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव, सड़क धंसने और दीवार गिरने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने जर्जर भवनों और कमजोर संरचनाओं की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करना बड़ी चुनौती बन गया है।




