‘एक दिन’ का पोस्टर रिलीज, जुनैद खान और साई पल्लवी की दिखी खास केमिस्ट्री
मुंबई। वैलेंटाइन डे के खास मौके पर आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपनी अपकमिंग रोमांटिक फिल्म ‘एक दिन’ का नया पोस्टर रिलीज कर दर्शकों को सरप्राइज दिया है। पोस्टर में जुनैद खान और साई पल्लवी पहली बार साथ नजर आ रहे हैं, जिनकी सादगी भरी केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया है।
‘एक दिन’ एक कोमल और जादुई प्रेम कहानी का वादा करती है, जिसमें रिश्तों की सादगी और जज़्बातों की गहराई को बेहद खूबसूरती से पेश किया गया है। यह फिल्म दिग्गज फिल्ममेकर्स आमिर खान और मंसूर खान के रीयूनियन की वजह से भी खास मानी जा रही है। इससे पहले यह जोड़ी कयामत से कयामत तक, जो जीता वही सिकंदर और जाने तू... या जाने ना जैसी यादगार फिल्में दे चुकी है।
टीज़र रिलीज होने के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। टीज़र में जुनैद खान का मासूम, शर्मीला अंदाज और साई पल्लवी की सादगी व चमक एक-दूसरे के साथ बेहद सहज लगती है, जिसने दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।
वैलेंटाइन डे पर जारी किए गए नए पोस्टर में एक सुकून भरा पल कैद है। एक शांत सुपरमार्केट के अंदर जुनैद और साई आमने-सामने खड़े नजर आते हैं। साई के हाथ में एक मफिन है, जिस पर जली हुई मोमबत्ती इस प्यारे से लम्हे को और खास बना रही है। यह दृश्य फिल्म की सौम्य और भावनात्मक प्रेम कहानी की झलक देता है।
पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा,
“बस एक दिन ही काफी है टीज़र अब आउट। देखिए #EkDin सिर्फ सिनेमाघरों में, 1 मई 2026 को।”

