सही आदतें अपनाकर 40% कैंसर से बचाव संभव

Advertisement
सागर,जीशान खान। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सागर एवं स्वास्थ्य विभाग सागर के संयुक्त तत्वावधान में सीएचसी जैसीनगर में एक वृहद जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि यदि लोग अपनी जीवनशैली में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव करें तो लगभग 40 प्रतिशत कैंसर से बचाव संभव है। उन्होंने तंबाकू से दूरी, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा एचपीवी वैक्सीनेशन को कैंसर रोकथाम के प्रभावी उपाय बताया।
डॉ. साद ने बताया कि भारत में हर वर्ष लाखों लोग कैंसर से प्रभावित होते हैं, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती बीमारी की देर से पहचान है। यदि कैंसर की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए तो उपचार काफी हद तक सफल रहता है और मरीज के जीवन की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने जानकारी दी कि मैमोग्राफी और पैप स्मीयर जैसी नियमित जांचों से यदि कैंसर स्टेज-1 में पकड़ में आ जाए तो उपचार की सफलता दर 90 प्रतिशत तक हो सकती है। इस दौरान उन्होंने कैंसर के सात प्रमुख चेतावनी संकेतों—असामान्य रक्तस्राव, लंबे समय तक न भरने वाले घाव, मल या पेशाब की आदतों में बदलाव, लगातार खांसी या आवाज बैठना, निगलने में परेशानी, शरीर में गांठ तथा मस्सों में अचानक बदलाव—पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों ने एक स्वर में कहा कि कैंसर से डरने की नहीं, बल्कि समय पर पहचान और सही जानकारी अपनाने की आवश्यकता है। विश्व कैंसर जागरूकता दिवस का संदेश—“प्रारंभिक पहचान पर फोकस, रोकथाम, उम्मीद और एकता”—पूरे कार्यक्रम की आत्मा बना रहा।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. एल. एस. शाक्य, डॉ. प्रभात, डॉ. हरि ओम बंसल सहित नर्सिंग स्टाफ, सीएचओ, सुपरवाइजर, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफल एवं प्रभावी रहा।
