शाहगढ़ (पुष्पेन्द्र यादव)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। खेत में टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से किसान की चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।


जानकारी के अनुसार किसान मुल्ली यादव ने सुबह अपनी भैंसों को चरने के लिए खेत में छोड़ा था। खेत में पहले से ही बिजली का तार टूटकर जमीन पर पड़ा हुआ था। चरते हुए भैंसें जैसे ही तार के संपर्क में आईं, उन्हें करंट लग गया और चारों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह ही बिजली विभाग को तार टूटने की सूचना देकर तत्काल बिजली सप्लाई बंद करने की मांग की गई थी। लेकिन विभागीय कर्मचारियों द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों के अनुसार विभाग की ओर से कहा गया कि "अभी समय नहीं है, बाद में लाइन काट देंगे।" इसी लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।


घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई गई। किसान मुल्ली यादव ने बताया कि भैंसों की मौत से उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है।