छतरपुर,विनोद मिश्रा। जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्राम पंचायत कूपी के अंतर्गत कुपी, शाहपुरा और बसुधा गांवों में युवा कांग्रेस ने सक्रियता दिखाते हुए ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद किया।


इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी जमीन, मुआवजा और पुनर्वास से जुड़ी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। कई परिवारों ने सर्वे प्रक्रिया में खामियां और पात्र लोगों के छूटने की शिकायत भी की। ग्रामीणों की बात सुनते हुए यश घनघोरिया ने भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा और किसी भी प्रभावित परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।


यश घनघोरिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि प्रभावितों को उनका हक दिलाने के लिए सड़क पर उतरना पड़े, तो वे उससे भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक हर परिवार को उचित मुआवजा और पुनर्वास नहीं मिल जाता, तब तक युवा कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने हाल ही में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और इसे तानाशाही रवैया बताते हुए कहा कि दबाव बनाकर आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं।


कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा किए जा रहे सर्वे कार्य का भी निरीक्षण किया गया, जहां कई कमियां और त्रुटियां सामने आईं। इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें प्रशासन के समक्ष उठाने की बात कही गई, ताकि पात्र परिवारों को न्याय मिल सके और पुनर्वास प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो।


इस मौके पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह (मोनू राजा), प्रदेश सचिव गौरव दीक्षित, शुभम दुबे, राजनगर विधानसभा उपाध्यक्ष अभय राज सिंह बुंदेला, मतगुवा ब्लॉक अध्यक्ष सचिन सिंह चौहान, बिजावर ब्लॉक अध्यक्ष पूरन साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। युवा कांग्रेस ने दोहराया कि वह केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित हर परिवार के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष जारी रहेगा।