छतरपुर, विनोद मिश्रा। केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित किसानों के समर्थन में आदिवासी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया शुक्रवार को छतरपुर पहुंचे, जहां उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवा नेताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लोकेंद्र वर्मा एवं एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष के नेतृत्व में शहर में विशाल बाइक रैली निकाली गई।
भगवा तिराहा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने विक्रांत भूरिया और यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ रैली पन्ना नाका पहुंची, जहां बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस मौके पर विक्रांत भूरिया ने केन-बेतवा लिंक परियोजना से विस्थापित किसानों के समर्थन में बड़ा बयान देते हुए कहा कि किसानों की हक की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि 50 लोगों पर एफआईआर हुई है तो क्या, 1000 लोगों पर भी एफआईआर हो जाए तो हम तैयार हैं, लेकिन पीडि़त परिवारों और किसानों की आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे।
वहीं कार्यक्रम से पहले कांग्रेस नेता अमित भटनागर को पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने पर भी नेताओं ने नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




