सागर, जीशान खान। कहते हैं कि यदि युवा शक्ति कुछ ठान ले, तो समाज की बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान संभव है। इसी संकल्प को चरितार्थ कर दिखाया है सागर के संकल्प फाउंडेशन के युवाओं ने। शहर के गोपालगंज स्थित मुक्तिधाम परिसर, जो पिछले कुछ समय से गंदगी और अव्यवस्था की मार झेल रहा था, वहां युवाओं की टोली ने झाड़ू और तगाड़ी उठाकर कायाकल्प कर दिया।


जानकारी के अनुसार गोपालगंज मुक्तिधाम में अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों में काफी समय से असंतोष था। अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील और दुखद समय में आने वाले परिजनों को वहां फैली गंदगी के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। जब यह बात संकल्प फाउंडेशन तक पहुँची, तो संस्था के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने इसे केवल प्रशासन का काम न मानकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझा और तत्काल 'स्वच्छता अभियान' की रूपरेखा तैयार की।


अभियान की शुरुआत सुबह उत्साह के साथ हुई। रिशांक तिवारी की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने पूरे परिसर की सफाई की। घंटों चले इस श्रमदान में झाड़ू लगाने से लेकर बिखरे हुए कचरे को व्यवस्थित करने तक का काम किया गया। युवाओं के इस जज्बे को देख वहां से गुजरने वाले लोग भी प्रशंसा किए बिना नहीं रह सके।


संस्था के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने बताया कि मुक्तिधाम हमारे समाज का सबसे संवेदनशील स्थान है, जहाँ व्यक्ति अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर होता है। ऐसे पवित्र स्थान को स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हम हर चीज़ के लिए प्रशासन का मुँह नहीं ताक सकते। जब समाज स्वयं जागरूक होकर आगे आता है, तभी बदलाव की स्थायी नींव पड़ती है। इस दौरान शुभम नामदेव, गणेश सेन, नीरज करोसिया, विशाल तोमर, शुभम पहलवान, स्वराज उपाध्याय, मोनू लारिया, कार्तिक जाटव, कमलेन्द्र जाटव, हिमांशु साहू, लव कुमार, राजा जाटव और ध्रुव मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सफाई मित्र और स्थानीय नागरिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।


उल्लेखनीय है कि इस अभियान ने न केवल मुक्तिधाम को स्वच्छ बनाया, बल्कि शहर के अन्य युवाओं के लिए भी एक मिसाल पेश की है कि सोशल मीडिया से इतर ज़मीनी स्तर पर समाज सेवा कैसे की जाती है। स्थानीय नागरिकों ने संकल्प फाउंडेशन के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की है।