पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन के साथ ही शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के नए और भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने शुभेंदु अधिकारी और मंत्रिमंडल के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ लेने के साथ ही सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए दौर की शुरुआत हुई है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास, निवेश और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और पश्चिम बंगाल की जनता को इस ऐतिहासिक परिवर्तन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, कम्युनिस्ट और टीएमसी सरकारों ने बंगाल को विकास की दौड़ में पीछे कर दिया था, लेकिन अब डबल इंजन सरकार बनने से राज्य तेज गति से आगे बढ़ेगा और युवा, महिला, किसान तथा व्यापारियों के सपने पूरे होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री पद की शपथ लेने वाले दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक को भी बधाई दी।



