छतरपुर। जिले के महाराजपुर थाना अंतर्गत सिंघपुर बैराज डैम में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहाँ एक शादी समारोह में शामिल होने जम्मू से आए दो युवकों की डैम में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने मोर्चा संभाला और रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आज सुबह दोनों के शव बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मटौंधा के दीवान जी का पुरवा निवासी गोरेलाल अहिरवार के घर में शादी का कार्यक्रम था। इस मांगलिक उत्सव में शामिल होने के लिए जम्मू से करीब 10-12 युवक गांव आए हुए थे। सोमवार को सभी युवक पास ही स्थित सिंघपुर बैराज डैम में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय 21 वर्षीय रोहित अहिरवार और 14 वर्षीय दुलीचंद उर्फ ओम अहिरवार अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक दोनों युवक पानी में लापता हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों ने अंधेरे के बावजूद रातभर सर्च ऑपरेशन जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह दोनों युवकों के शवों को डैम से बाहर निकाला जा सका। मृतक रोहित और दुलीचंद दोनों दीवान जी का पुरवा, मटौंधा के ही मूल निवासी थे जो वर्तमान में जम्मू में रह रहे थे।
इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां गम में बदल गई हैं। जम्मू से आए रिश्तेदारों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस घटना के बाद से शोक की लहर है और प्रशासनिक स्तर पर मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।



