दसवीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Advertisement
मंदसौर (ललित शंकर धाकड़ )। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के सीतामऊ क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां कक्षा 10वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र बोर्ड परीक्षा के दौरान हुए सामाजिक विज्ञान विषय के पेपर के खराब प्रदर्शन से गहरे तनाव और अवसाद में था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
मृतक छात्र की पहचान पीयूष राठौर के रूप में बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, 2 मार्च को सामाजिक विज्ञान का पेपर होने के बाद वह काफी परेशान दिख रहा था। पेपर अच्छा न होने से वह मानसिक रूप से टूट गया था और लगातार तनाव में रहा। आज सुबह घर में ही उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही सीतामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
यह घटना बोर्ड परीक्षाओं के दौरान छात्रों पर पड़ने वाले अत्यधिक दबाव और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे को एक बार फिर उजागर करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा के तनाव से निपटने के लिए परिवार, स्कूल और समाज को संवेदनशील होने की जरूरत है। छात्रों को मनोवैज्ञानिक सहायता और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
