डिंडौरी। डिंडौरी नगर में शनिवार रात मां काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान अंडे फेंके जाने की अफवाह से अचानक तनाव की स्थिति बन गई। बस स्टैंड से निकल रहे जुलूस के दौरान सड़क पर कुछ टूटे हुए अंडे दिखाई देने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और भीड़ उग्र होने लगी। स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब भीड़ मस्जिद मोहल्ले की ओर बढ़ने लगी। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों—एसडीएम राम बाबू देवांगन और एसडीओपी सतीश द्विवेदी—ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भारी पुलिस बल के साथ भीड़ को आगे बढ़ने से रोका और हालात को काबू में किया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। सिटी कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सड़क पर अंडे कैसे पहुंचे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

