शुजालपुर। शहर में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साइकिल से खेल मैदान जा रही छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा कई फीट दूर जा गिरी और उसकी साइकिल के दो टुकड़े हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया है।


जानकारी के अनुसार, घायल छात्रा आराध्या सिटोके रोज की तरह सुबह जेएनएस कॉलेज के समर कैंप खेल मैदान जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद समर कैंप के साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।


स्कॉर्पियो चालक मोईन खान उस समय अपने परिवार की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर शुजालपुर सिविल अस्पताल लेकर जा रहा था। घटना के बाद चालक स्वयं छात्रा के परिवार से मिलने पहुंचा और हादसे के लिए खेद व्यक्त किया। उसने छात्रा के इलाज का खर्च भी वहन किया।


परिजनों के अनुसार, चालक ने बताया कि अचानक साइकिल सामने आने से यह दुर्घटना हुई। छात्रा को गंभीर चोट नहीं आई है और गर्भवती महिला भी सुरक्षित है। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया है।