गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले की आरोन तहसील अंतर्गत ग्राम घटावदा स्थित शासकीय विद्यालय से एक बेहद अमानवीय और शर्मनाक मामला सामने आया है। स्कूल में कक्षा 7वीं में पढ़ने वाले एक 13 वर्षीय छात्र पर 5 छात्राओं की पानी की बोतलों में यूरीन मिलाने का गंभीर आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार को मध्याह्न भोजन (लंच टाइम) के बाद हुई। जब छात्राएं क्लास से बाहर गई हुई थीं, तभी आरोपी छात्र ने मौका पाकर उनकी पानी की बोतलों में यूरीन मिला दिया। कक्षा में लौटने के बाद जब छात्राओं ने पानी पिया, तो तीव्र दुर्गंध और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इस हरकत का पता चला, जिसकी तत्काल सूचना उन्होंने शिक्षकों को दी।
प्रिंसिपल पर मामले को दबाने और चॉकलेट बांटने का आरोप
मामले की जानकारी मिलते ही मंगलवार को पीड़ित छात्राओं के परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं के अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और घटना पर पर्दा डालने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि स्कूल के प्रिंसिपल ने बात बाहर न फैले, इसलिए छात्राओं को घर पर कुछ भी न बताने की हिदायत दी थी और उन्हें शांत कराने के लिए चॉकलेट भी बांटी थी। हालांकि, घर पहुंचने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिल गई।
प्रशासनिक और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
स्कूल में हंगामे और तनाव की सूचना मिलते ही आरोन से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का दल घटावदा गांव पहुंचा। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को शांत कराया तथा मामले में निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए।
एसडीएम कार्यालय में दर्ज होंगे बयान, कानूनी कार्रवाई शुरू
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत पंचनामा तैयार किया और प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने पूरे मामले की विस्तृत सुनवाई और साक्ष्य संकलन के लिए पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों को आरोन एसडीएम कार्यालय में तलब किया है। बयान दर्ज करने के बाद संबंधित जिम्मेदार शिक्षकों और प्रबंधन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




