छतरपुर, शिवम चौरसिया। छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से एक लाख रुपये की राशि निकालकर अपने भतीजे के साथ घर लौट रही महिला की थैली से अज्ञात बदमाश ने बड़ी सफाई से पैसे निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।


सब्जी खरीदने रुकी महिला, स्टोल में लिपटे 1 लाख रुपये गायब

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला रामदेवी प्रजापति अपने भतीजे संतोष प्रजापति के साथ एसबीआई बैंक से 1 लाख रुपये निकालकर वापस अपने घर जा रही थीं। सुबह करीब 11:30 बजे रास्ते में होलिका पार्क के पास वे सब्जी खरीदने के लिए रुकीं। उसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने थैले के अंदर कपड़े के स्टोल में लपेटकर रखे गए 1 लाख रुपये चुपके से पार कर दिए। जब रामदेवी ने थैली संभाली और उसमें पैसे गायब देखे, तो वे स्तब्ध रह गईं और मौके पर ही बिलख-बिलख कर रोने लगीं। घटना के बाद बाजार में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई।


पुलिस मौके पर पहुंची, CCTV खंगालने में जुटी

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने रोती-बिलखती पीड़ित महिला को ढांढस बंधाया और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाई। पुलिस की एक टीम होलिका पार्क और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बैंक से ही महिला का पीछा कर रहे संदेही या चोर का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।