लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला तिहरा हत्याकांड और आत्महत्या का मामला सामने आया है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत मानस बाजपेयी (35) ने सुनियोजित तरीके से पहले ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर पत्नी दिव्या मिश्रा (33) की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद घर पहुंचकर अपनी मानसिक रूप से बीमार बहन शीबा बाजपेयी (28) को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
कार से बैंक पहुंचा, बाहर बुलाकर की ताबड़तोड़ फायरिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:05 बजे मानस कार से गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक की शाखा पहुंचा। उसने फोन करके पत्नी दिव्या को बैंक परिसर से बाहर बुलाया। कुछ देर बातचीत करने के बाद मानस ने लाइसेंसी असलहे से दिव्या पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल दिव्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका चर्चित यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं।
कमरे में तेज आवाज में चलाया हनुमान चालीसा, फिर मारी दो गोलियां
वारदात के करीब 25 मिनट बाद (12:30 बजे) मानस हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह घबराया हुआ था और पसीने से भीगा हुआ था। उसने कमरे में दाखिल होते ही अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चला दी। इसके बाद उसने अपनी 28 वर्षीय बीमार बहन शीबा को गोली मार दी और फिर खुद की कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा, जहां अंदर दोनों के खून से लथपथ शव पड़े मिले।
वारदात के बाद व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखी यह बात
पत्नी की हत्या के बाद मानस ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक नोट साझा किया, जिसमें उसने लिखा— मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया। अब मुझे खुद को और अपनी बहन को भी मारना है। उसकी बहन प्रज्ञा और उसके पति भरत यादव को सब कुछ पता है। बताया जा रहा है कि मानस को यह अंदेशा था कि उसके मरने के बाद उसकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बहन की देखभाल करने वाला कोई नहीं बचेगा।
एक साल से अलग रह रही थी दिव्या, कोर्ट में चल रहा था तलाक का केस
दिव्या और मानस का विवाह वर्ष 2018 में हुआ था। आपसी विवाद और तनाव के चलते दिव्या ने एक साल पहले कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी और वह पारा स्थित अपने नए मकान में माता-पिता के साथ रह रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में प्रयुक्त हथियार व डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।




