छतरपुर। छतरपुर जिले के सटाई थाना क्षेत्र के हिम्मतपुरा गांव में बहन से छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। गांव के कुछ युवकों ने मिलकर बब्लू अहिरवार पर हंसिया और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक उसकी बहन को लंबे समय से परेशान कर रहे थे। जब बब्लू ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो उन्होंने धारदार हथियार और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में बब्लू के सिर में गहरी चोट आई।
घटना के बाद परिजन उसे तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

