जश्न के बीच थम गई 'प्रोफेसर' की सांसें; भोपाल में भांग पीकर डांस करते वक्त हुई मौत

Advertisement
भोपाल (जीतेन्द्र यादव)। मध्य प्रदेश की राजधानी के ऐशबाग इलाके में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक युवा प्रोफेसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ होली खेलने और भांग का सेवन करने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में साइलेंट हार्ट अटैक को मौत की वजह माना जा रहा है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय कृष्णा नायक के रूप में हुई है, जो ऐशबाग क्षेत्र के निवासी थे और पेशे से प्रोफेसर थे। बुधवार दोपहर कृष्णा अपने दोस्तों के साथ होली के रंग में डूबे हुए थे। चश्मदीदों के मुताबिक, होली खेलने के दौरान कृष्णा ने दोस्तों के साथ भांग पी थी, जिसके बाद वे काफी देर तक गानों की धुन पर जमकर डांस करते रहे।
जश्न के दौरान ही कृष्णा को अचानक घबराहट महसूस हुई। उन्होंने दोस्तों से बेचैनी की बात कही और आराम करने के लिए अपने एक दोस्त के कमरे में चले गए। कमरे में पहुँचते ही वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। दोस्त उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि भांग के सेवन और अत्यधिक शारीरिक श्रम (डांस) के कारण दिल पर दबाव बढ़ा और हार्ट अटैक आया, लेकिन मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस दुखद घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।


