सागर, जीशान खान। हाईवे पर दौड़ रहे एक कंटेनर ट्रक ने जब मकरोनिया चौराहे पर पुलिस की चेकिंग टीम को देखा तो चालक की घबराहट ने पूरे खेल की पोल खोल दी। पुलिस ने ट्रक को रोककर तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी चौंक गए। कंटेनर किसी मालवाहक वाहन से ज्यादा शराब माफियाओं के चलते-फिरते गोदाम जैसा नजर आ रहा था। ट्रक में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब भरकर सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। मिली जानकारी के मकरोनिया थाना पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 8 लाख 25 हजार रुपये कीमत की अवैध शराब और कंटेनर जब्त किया गया है। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक जिले में इन दिनों अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मकरोनिया चौराहा क्षेत्र में यातायात पुलिस और थाना मकरोनिया की टीम संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान कंटेनर ट्रक क्रमांक MP 09 DF-0620 वहां से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रुकवाया, लेकिन चालक की बेचैनी और जवाबों में हड़बड़ाहट ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया। इसके बाद जब कंटेनर की तलाशी ली गई तो अंदर एक के बाद एक अंग्रेजी शराब की पेटियां निकलती चली गईं।
पुलिस के मुताबिक ट्रक से करीब 1500 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 13 हजार 500 लीटर बताई जा रही है। शुरुआती आंकलन में शराब की कीमत करीब 1 करोड़ 1 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई, जबकि कंटेनर वाहन की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 1 करोड़ 8 लाख 25 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक विजय दांगी पिता रामगोपाल दांगी, उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम ब्राह्मणगांव थाना माचलपुर जिला राजगढ़ को हिरासत में लिया। मामले में रामचंद्र वर्मा सहित अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो प्रारंभिक पूछताछ में अवैध शराब सप्लाई के बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि शराब की यह खेप प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खपाई जानी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी, किसके इशारे पर सप्लाई हो रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। मामले में कई और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मकरोनिया रविंद्र सिंह चौहान, सूबेदार हेमंत पटेल, उप निरीक्षक राजेश शर्मा, सहायक उप निरीक्षक सोहन मरावी, प्रधान आरक्षक हरी सेवक, हल्के तथा आरक्षक शुभम, विशाल और अरविंद की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए साफ संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध शराब कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह आक्रामक कार्रवाई जारी रहेगी।



