भोपाल। आने वाले महीनों में राजा भोज एयरपोर्ट से कई बड़े शहरों के लिए नई उड़ान सेवाएं शुरू हो सकती हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी और मध्यप्रदेश शासन ने एयरलाइन ऑपरेटरों से प्रस्ताव (RFP) मांगे हैं, जिसके बाद श्रीनगर, चेन्नई, कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़, जम्मू, देहरादून, गोवा और केरल समेत कई शहरों के लिए सीधी उड़ानों की संभावना बढ़ गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन ने शेड्यूल एयरलाइन ऑपरेटरों को भोपाल और प्रदेश के अन्य एयरपोर्ट्स से प्रमुख घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट सेवाएं शुरू करने का आमंत्रण दिया है।
भोपाल विमानतल सलाहकार समिति के सदस्य मनोज मीक ने बताया कि समिति की बैठकों में लगातार यह सुझाव सामने आए थे कि भोपाल से दक्षिण, पूर्व और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों के लिए बेहतर एयर कनेक्टिविटी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एयरलाइंस को वित्तीय प्रोत्साहन देने की पहल से राजधानी भोपाल को मध्य भारत के प्रमुख कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। हाल ही में एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें सांसद और समिति अध्यक्ष आलोक शर्मा मौजूद रहे। बैठक में एयर कनेक्टिविटी, यात्री सुविधाएं, स्वच्छता, ट्रैफिक व्यवस्था और भविष्य की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में चेन्नई, कोलकाता, गोवा, जयपुर, चंडीगढ़, श्रीनगर, जम्मू और उदयपुर जैसी जगहों के लिए नियमित उड़ानों की मांग रखी गई। साथ ही कुछ व्यवहारिक रूट भी सुझाए गए, जिनमें हैदराबाद होते हुए चेन्नई, कोलकाता होते हुए बागडोगरा, लखनऊ होते हुए देहरादून और जयपुर होते हुए जम्मू जैसी कनेक्टिविटी शामिल रही। इसके अलावा एयरपोर्ट को “हेल्दी एयरपोर्ट” बनाने के लिए फ्रूट्स बार, पोहा स्टॉल, स्थानीय व्यंजन, पारंपरिक कारीगरी प्रदर्शन, बेहतर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, एसी बस सेवा और मेट्रो कनेक्टिविटी जैसे सुझाव भी दिए गए।




