छतरपुर। शहर के खेल इतिहास में शनिवार का दिन मनोरंजन और खेल भावना के एक अनूठे संगम का गवाह बना। पेप्टेक ग्रुप द्वारा क्रिकेट मुकाबलों की एक दिवसीय श्रृंखला- पेप्टेक इन्फ्लूएंसर क्रिकेट फाइट का शानदार आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट की सबसे खास बात यह थी कि मैदान पर बल्ला थामने वाले खिलाड़ी पेशेवर क्रिकेटर नहीं, बल्कि सोशल मीडिया की दुनिया के नामी इन्फ्लूएंसर्स थे। इस अनोखे आयोजन में छतरपुर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने भी पुलिस महकमे के साथ शिरकत कर आयोजन की सराहना की।

पेप्टेक ग्रुप के डायरेक्टर विनय चौरसिया के कुशल निर्देशन में आयोजित इस टूर्नामेंट में चार टीमें- स्टार क्रिएटर्स, कॉन्टेंट किंग्स, रील राइडर्स और वायरल वॉरियर्स ने हिस्सा लिया। विकास तिवारी के विशेष सहयोग से तैयार इन टीमों में लैंगिक समानता का भी ध्यान रखा गया, जहाँ प्रत्येक टीम में 9 लड़कों के साथ 3 लड़कियों को शामिल किया गया। खेल को और अधिक रोचक बनाने के लिए सर्वसम्मति से क्रिकेट के निर्धारित नियमों में कुछ 'ट्विस्ट' भी जोड़े गए थे, जिससे मुकाबले और अधिक रोचक बने। आयोजन समिति की ओर से डायरेक्टर विनय चौरसिया, शुभंकर चौरसिया, श्रीमती गीतिका चौरसिया, निवेदिता चौरसिया, शिवेंद्र शुक्ला सहित पेप्टेक ग्रुप की टीम और सैकड़ों खेलप्रेमी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

संघर्ष और रोमांच भरे मुकाबले से हुआ आगाज
श्रृंखला का आगाज स्टार क्रिएटर्स और कॉन्टेंट किंग्स के बीच बेहद ऊर्जावान मुकाबले के साथ हुआ। स्टार क्रिएटर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का साहसिक निर्णय लिया। कप्तान विकास ने मोर्चे से टीम का नेतृत्व किया और 40 रनों की एक शानदार कप्तानी पारी खेलकर बड़े स्कोर की नींव रखी। उनका बखूबी साथ देते हुए साहिल ने 26 और अमन ने 25 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी बदौलत टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 113 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में, लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉन्टेंट किंग्स की टीम ने भी अंत तक जज्बा दिखाया। टीम की ओर से अभिजीत ने जुझारू बल्लेबाजी करते हुए अकेले संघर्ष जारी रखा और दहाई का आंकड़ा पार करने वाले अपनी टीम के प्रमुख बल्लेबाज रहे। कप्तान शिवम मिश्रा और उनकी टीम ने मैदान पर बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया, हालांकि स्टार क्रिएटर्स की सटीक गेंदबाजी के सामने टीम 82 रन ही बना सकी और स्टार क्रिएटर्स ने इस शुरुआती मुकाबले में जीत दर्ज की।

रील राइडर्स ने की आतिशी बल्लेबाजी
दूसरा मैच वायरल वॉरियर्स और रील राइडर्स के मध्य खेला गया। वायरल वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रील राइडर्स की ओर से आशीष ने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए 70 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। सचिन के 20 और ब्लेजर के 16 रनों के उपयोगी सहयोग से रील राइडर्स ने श्रृंखला का सर्वाधिक 131 रनों का विशाल स्कोर बनाया। लक्ष्य बड़ा था, लेकिन वायरल वॉरियर्स के खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और पूरे उत्साह के साथ मैदान पर संघर्ष किया। हालांकि, रील राइडर्स के गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के चलते वायरल वॉरियर्स 44 रनों तक ही पहुँच सकी, लेकिन उनके जुझारू प्रयास ने दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।

फिनाले में अंतिम ओवर तक खिंची सांसें

टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक क्षण स्टार क्रिएटर्स और रील राइडर्स के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला रहा। समय की पाबंदी और रोमांच को बढ़ाने के लिए यह मैच 8 ओवरों का रखा गया। रील राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। स्टार क्रिएटर्स की ओर से अमन ने 24 और कप्तान विकास ने 15 रनों की सधी हुई पारियां खेलीं, जिससे टीम ने 62 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। 63 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रील राइडर्स की टीम ने गजब का साहस दिखाया। दिग्गज बल्लेबाज आशीष ने एक बार फिर मोर्चा संभालते हुए 30 रनों की शानदार पारी खेलकर मैच को अंतिम ओवर तक खींच लिया। मुकाबला इतना करीबी था कि अंतिम तीन गेंदों तक दर्शकों की सांसें थमी रहीं। रील राइडर्स के अन्य खिलाड़ियों ने भी भरपूर सहयोग देने की कोशिश की, लेकिन स्टार क्रिएटर्स की कसी हुई फील्डिंग और सटीक रणनीति के चलते रील राइडर्स 42 रन ही बना सकी। भले ही रील राइडर्स यह मैच नहीं जीत पाई, लेकिन उनके संघर्ष ने इस फाइनल को यादगार बना दिया।
अनूठे आयोजन का आनंद लेने मैदान पर पहुंचा पुलिस महकमा

पेप्टेक ग्रुप द्वारा आयोजित किए गए इस अनूठे कार्यक्रम में प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र की दिग्गज हस्तियों ने शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन में मुख्य रूप से एसपी अगम जैन, एएसपी आदित्य पटले, आईपीएस लेखराज मीणा, सीएसपी अरुण कुमार सोनी, सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी, और ओरछा रोड थाना के एसआई दीपक यादव उपस्थित रहे। इनके साथ ही डॉ. मनोज चौधरी, व्यवसायी रणछोड़ चौरसिया, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी, दीपांशु यादव, योगेन्द्र रजौतिया, राजेश वर्मा, अंकित सक्सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिक मैदान पर मौजूद रहे। दूसरे मुकाबले के उपरांत सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिले विशेष पुरस्कार

मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए समापन अवसर पर विशेष पुरस्कारों की घोषणा की गई। पूरे टूर्नामेंट में अपने बल्ले और गेंद से बेहतरीन खेल दिखाने वाले अमन को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। जबकि रील राइडर्स के आशीष को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए बेस्ट बैट्समैन के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा गेंदबाजी में धार दिखाने वाले धर्मेंद्र को बेस्ट बॉलर और चुस्त फील्डिंग के लिए महिला खिलाड़ी दिव्या को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार दिया गया।
अंशिका की सुरीली आवाज ने बांधा समां
कार्यक्रम का समापन छतरपुर की जानी-मानी सिंगर अंशिका रजौतिया की शानदार संगीतमय प्रस्तुति के साथ हुआ। मंच संचालन अंकुर यादव ने किया, जबकि कमेंट्री का जिम्मा धीरज चौबे और अब्दुल जुनैद जैकी ने संभाली। स्कोरिंग नैतिक चौरसिया ने की और ग्राउंड की गतिविधियों को सुचारु रखने में सुनील चौरसिया व उनकी टीम ने अहम योगदान दिया। इस पूरे आयोजन का लाइव प्रसारण अतुल राय, पंकज यादव, संदीप यादव, प्रहलाद पटेल और शिवम सोनी की टीम द्वारा किया गया।


