छतरपुर,शिवम चौरसिया। छतरपुर जिले के महाराजपुर क्षेत्र में संचालित अंग्रेजी शराब दुकानों पर ओवररेटिंग के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राहकों का कहना है कि दुकानों पर एमआरपी से अधिक कीमत वसूली जा रही है, जबकि नियमों के अनुसार रेट सूची भी चस्पा नहीं की गई है। जानकारी के मुताबिक, एक दुकान थाने से महज 100 मीटर दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बोतलों पर अंकित एमआरपी के अनुसार भुगतान करने की बात कही, तो कर्मचारियों ने मना कर दिया।


सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि 170 रुपये एमआरपी वाले बैकपाइपर पाव के 200 रुपये वसूले जा रहे हैं। एक अन्य वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि “ऊपर से ही रेट तय हैं”, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।