Saturday, February 28, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशइंदौरएक परमिट, दो ट्रक और 80 लाख की अवैध बीयर, इंदौर पुलिस ने 1 करोड़ का माल पकड़ा

एक परमिट, दो ट्रक और 80 लाख की अवैध बीयर, इंदौर पुलिस ने 1 करोड़ का माल पकड़ा

Post Media
News Logo
PeptechTime
28 फ़रवरी 2026, 12:32 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

इंदौर, रविकांत वर्मा। लसूड़िया थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के एक शातिर खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ही परमिट पर दो अलग-अलग गाड़ियों में ले जाई जा रही अवैध बीयर की खेप को पकड़ा है। शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में ट्रक और आयशर सहित कुल 1 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। यह शराब मक्सी से धार की तरफ ले जाई जा रही थी।


डीसीपी (जोन-2) कुमार प्रतीक ने बताया कि अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए लसूड़िया टीआई तारेश सोनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। शुक्रवार को टीम को सूचना मिली कि देवास की ओर से दो गाड़ियां अवैध शराब लेकर इंदौर की तरफ आ रही हैं। पुलिस ने तत्काल बायपास पर होटल 'एटपीएम' के सामने नाकेबंदी की। इस दौरान एक बड़ा ट्रक और एक आयशर वाहन आते दिखे, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई तो पुलिस के होश उड़ गए।


जांच करने पर दोनों गाड़ियों में 'बोल्ट सुपर स्ट्रांग बीयर' के कुल 2800 कार्टून भरे मिले। बाजार में इस बीयर की कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अवैध शराब के साथ ही दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है, जिससे कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।


एक ही परमिट पर चल रही थीं दो गाड़ियां

कार्रवाई के दौरान जब पुलिस ने चालकों से परिवहन के दस्तावेज मांगे, तो दोनों चालकों ने एक जैसा ही परमिट पेश किया। एक ही परमिट पर दो वाहनों में शराब ले जाने के बारे में जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। डीसीपी के अनुसार, आरोपियों ने बहाना बनाया कि एक गाड़ी खराब हो गई थी, इसलिए दूसरी में माल लोड किया गया, लेकिन मौके पर दोनों गाड़ियां चलती हालत में एक साथ पाई गईं।


इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

काशीराम (38): निवासी पीथमपुर, जिला धार (ट्रक चालक)।

शेख अजगर (50): निवासी मक्सी, जिला शाजापुर (आयशर चालक)।


नेमावर रोड वेयरहाउस से जुड़े तार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब शाजापुर के मक्सी स्थित एक वेयरहाउस से लोड हुई थी और धार की तरफ जा रही थी। इस खेल की बिल्टी इंदौर के नेमावर रोड स्थित एक वेयरहाउस से कटना बताई जा रही है। पुलिस अब उस वेयरहाउस और इस पूरे सिंडिकेट की तस्दीक कर रही है। डीसीपी कुमार प्रतीक का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य आरोपियों के नाम बढ़ाए जा सकते हैं और धाराओं में भी इजाफा हो सकता है।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)