ईशानगर, शिवाकांत मिश्रा। भारत की आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य की प्रारंभिक तैयारियों को लेकर ग्राम पंचायत ईशानगर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद पंचायत छतरपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजय सिंह ने क्षेत्र के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के साथ विस्तार से चर्चा कर तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में ग्राम पंचायत ईशानगर के सचिव संतोष कुमार शुक्ला, शिक्षिका श्रीमती माला गुप्ता, श्री नीरज अरजरिया सहित अन्य नियुक्त प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान सीईओ ने जनगणना के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर सही एवं सटीक जानकारी एकत्र करें तथा प्रत्येक परिवार को जनगणना कार्य में सहयोग के लिए जागरूक करें। साथ ही निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
सीईओ श्री अजय सिंह ने कहा कि जनगणना 2027 देश के समग्र विकास की आधारशिला है, इसलिए सभी प्रगणक अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें।

