इंदौर। नवलखा इलाके के तीन इमली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अवैध बस पार्किंग में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पांच बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की लपटें आसमान को चीरती हुई करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं।


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के दौरान एक के बाद एक चार जोरदार धमाके हुए, जो गैस सिलेंडर फटने जैसे लग रहे थे। हालांकि प्रशासन ने अभी तक धमाकों की पुष्टि नहीं की है।


घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों ने बताया कि पार्किंग में उस समय 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग की सूचना मिलते ही इन्हें किसी तरह हटाया गया। आसपास रिहायशी बस्ती होने के कारण लोगों में भारी घबराहट फैल गई और वे घरों से बाहर निकल आए।


प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सुबह एक बस में मरम्मत का काम चल रहा था। वेल्डिंग करते समय बस में अचानक आग लग गई, जो तेजी से दूसरी बसों तक फैल गई।


स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने मौके पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत का काम लंबे समय से चल रहा है। हमने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आज बड़ा हादसा हो गया। जब तक बसें यहां से नहीं हटाई जातीं और स्थायी समाधान नहीं निकलता, मैं धरने पर ही बैठा रहूंगा।’’


टीआई लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।