छतरपुर (सुबोध त्रिपाठी)। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 4 थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस आदेश के तहत निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक सुरभि शर्मा को भगवा थाने की कमान सौंपी गई है, वे अब भगवा थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। वहीं, भगवा थाने में पदस्थ रहे निरीक्षक कृपाल सिंह मार्को को वहां से हटाकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय (एसपी ऑफिस) संबद्ध किया गया है।


उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। उपनिरीक्षक सुरेंद्र मरकाम को पिपट थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि उपनिरीक्षक राहुल तिवारी को सरवई थाने की जिम्मेदारी सौंपते हुए वहां का थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र यादव को रीवा स्थानांतरण होने के बाद जिले से कार्यमुक्त (रिलीव) कर दिया गया है। एसपी द्वारा किए गए इस फेरबदल को क्षेत्र में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।