बालाघाट। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं और चना खरीदी का कार्य जारी है। वर्तमान में 13 केंद्रों पर गेहूं तथा 8 केंद्रों पर चना खरीदी की जा रही है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में 2 मई को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट के सीईओ अभिनव सिंह बघेल ने लालबर्रा स्थित शासकीय गोदाम में संचालित गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
अचानक हुई बेमौसम बारिश और आंधी-तूफान के मद्देनजर श्री बघेल देर शाम केंद्र पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में खरीदी गई गेहूं को सुरक्षित रखा जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की क्षति न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए पेयजल, छाया और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से चालू रखने और तौल कांटों की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उपार्जन प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
सीईओ श्री बघेल ने शाखा लालबर्रा का भी दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर प्र. विपणन अधिकारी अशोक भवरे, पर्यवेक्षक एच.सी. बोपचे, संस्था प्रबंधक हुकुमचंद बसेने सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

