इंदौर,रविकांत वर्मा। मुख्यमंत्री मोहन यादव आज इंदौर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नव वर्ष की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही जल संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे अभियान को और विस्तार देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अभियान अब तीसरे वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इस बार इसे 100 दिनों से अधिक समय तक चलाया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण के तहत कुएं, बावड़ी, नहरों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसी कड़ी में वे इंदौर में करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कई तालाबों के निर्माण कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए।


मुख्यमंत्री मोहन यादव:
“हम लगातार जल संरक्षण का अभियान चला रहे हैं, इस बार इसे और व्यापक रूप देंगे और 100 दिन से अधिक समय तक इसे चलाया जाएगा...


इसके साथ ही मुख्यमंत्री तिलक नगर क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों के परिजनों से मिलने भी पहुंचे। इस हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है। यह बहुत दुखद घटना है, एक पूरा परिवार अचानक इस हादसे का शिकार हो गया...”


मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए भोपाल से अधिकारियों की टीम मौके पर भेजी गई थी। साथ ही इस मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और ईवी से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आईआईटी और अन्य विशेषज्ञ संस्थानों से भी राय मांगी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है।