कोरबा। कोरबा में आयोजित हो रही श्री हनुमंत कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) ने एक अहम घोषणा की है। कथा के पहले दिन ही हजारों श्रद्धालु पंडाल में मौजूद रहे और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कथा की शुरुआत में महाराज ने कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले उन लोगों से अपील की, जिन्होंने किसी कारणवश धर्म परिवर्तन कर लिया है। उन्होंने कहा कि कथा के पांच दिनों के दौरान ऐसे लोग मंच पर आकर पुनः सनातन धर्म में “घर वापसी” कर सकते हैं।


महाराज ने यह भी बताया कि इस पांच दिवसीय कथा में एक विशेष दिन “घर वापसी” कार्यक्रम के लिए निर्धारित किया गया है, जिसमें उन लोगों को शामिल किया जाएगा जिन्होंने किसी कारण या प्रलोभन के चलते अन्य पंथ अपनाया था। इस घोषणा के बाद कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बीच खास उत्साह देखा जा रहा है और कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।