मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। मंदसौर जिले में महू-नीमच हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। बोतलगंज के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे का खौफनाक मंजर पीछे चल रही कार के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसकी तस्वीरें अब सामने आई हैं।


दरअसल यह घटना पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो जाती है और सड़क पर कई बार पलटते हुए जा गिरती है। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


हादसे में कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पीछे चल रही एक कार के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।