छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। ईद-उल-फित्र के पावन अवसर पर छिंदवाड़ा शहर में गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे की शानदार मिसाल देखने को मिली। शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज़ अदा की और देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआएं मांगीं। अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी के मार्गदर्शन में पूरे शहर में त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया।


सुबह से ही शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी ईदगाह में जामा मस्जिद के पेश इमाम हासिबुल्ला कमर फैजी ने ईद की नमाज़ अदा कराई। नमाज़ के दौरान देश में शांति, एकता और विकास के लिए विशेष दुआ की गई। नमाज़ के बाद सलाम पढ़ा गया, जिसे नादिर अहमद हनफी और फ़ज़न राजा ने अदा किया।

इस मौके पर क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। पूर्व सांसद नकुल नाथ बड़ी ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। नमाज़ के बाद हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी, जिससे शहर में एकता और भाईचारे का अनूठा माहौल देखने को मिला।


अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी के सदर अमसाल खान ने रमजान माह के दौरान प्रशासन द्वारा किए गए बेहतर इंतजामों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कमेटी ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से समाज में सकारात्मक संदेश गया है।