छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा जिले के दमुआ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां रेत से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर रोड स्थित झिरी घाट के पास रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली रामपुर की ओर से वाशरी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में सवार तीनों युवक उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही दमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम ब्रजपुरा निवासी ट्रैक्टर चालक रंजू उइके (23) पिता सामा उइके, मोहन वट्टी (26) पिता इतरलाल वट्टी और ग्राम सेमरकुही निवासी उमेश धुर्वे (23) पिता अंजन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है।


फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।