भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नारी शक्ति वंदन को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाने पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 2023 के महिला आरक्षण संशोधन में स्पष्ट प्रावधान था कि जनगणना के बाद ही आरक्षण लागू होगा, ऐसे में सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर प्रक्रिया क्यों आगे बढ़ाना चाहती है। सिंघार ने सवाल उठाया कि 543 सीटों में सीधे आरक्षण लागू किया जाए, सीटें बढ़ाने की बात क्यों नहीं हो रही है।
उन्होंने ओबीसी आरक्षण को लेकर भी भाजपा से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। सिंघार ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रही है, खासकर हिंदी राज्यों में महिला वोट बैंक को साधने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, सड़कों पर हुई घटनाओं को लेकर प्रीतम लोधी के पुत्र के व्यवहार पर भी उन्होंने निशाना साधा। सिंघार ने कहा कि कई बार मंत्रियों और विधायकों के परिजनों द्वारा इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, ऐसे में जनप्रतिनिधियों को अपने परिवार को सही संस्कार देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस प्रकार की घटनाएं होती हैं तो संबंधित मंत्री या विधायक को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
कांग्रेस की बैठक को लेकर सिंघार ने कहा कि पार्टी पूरी तरह मजबूत है और संगठन को और सशक्त बनाने के लिए लगातार चर्चा और रणनीति तैयार की जा रही है।

